
चंदौली। मुगलसराय कोतवाली क्षेत्र के पीडीडीयू नगर में एक ही परिवार के तीन नाबालिग बच्चों के अचानक लापता होने से हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच तेज कर दी है और बच्चों की तलाश में विशेष टीमें लगा दी गई हैं।
नई बस्ती निवासी नवाब अली पुत्र शफीक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके और उनके सगे भाई आबिद के तीन बच्चे—13 वर्षीय किशोरी, 7 वर्षीय बालक और 5 वर्षीय बच्ची—सोमवार सुबह घर से सेंट डेवियर स्कूल, बेचूपुर (सर्कस रोड) के लिए निकले थे, लेकिन स्कूल समय समाप्त होने के बाद भी घर वापस नहीं लौटे।
परिजनों ने पहले अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में तलाश की, लेकिन बच्चों का कोई सुराग नहीं मिला। जब परिजन स्कूल पहुंचे तो वहां ताला बंद मिला, जिससे घटना और भी रहस्यमय हो गई।
मंगलवार को परिजनों ने मुगलसराय कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मु0अ0सं0 169/2026, धारा 137(2) भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बच्चों की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष टीमों का गठन किया गया है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर बच्चों को सुरक्षित बरामद किया जाएगा। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।

