
आज का राशिफल (Aaj Ka Rashifal): यह मिली-जुली खबर वाला दिन है . कर्क, सिंह, तुला और मकर राशि वालों की तो जैसे लॉटरी लग गई है, गुरु का साथ मिलते ही अटके काम आगे बढ़ने लगेंगे.
मेष राशि
घर-परिवार में आज राहत की सांस मिलेगी, गुरुदेव का असर वहां का माहौल हल्का कर देगा. मन रचनात्मक कामों और प्रेम में खूब लगेगा, चंद्रमा-केतु की दूरी का फायदा होगा. भाई-बहन से बात करते वक्त मंगल की वजह से जुबान थोड़ी तीखी हो सकती है, संभल कर बोलिए. बुध अस्त हैं तो कोई बड़ा फैसला आज टाल ही दीजिए.
वृषभ राशि
घर से जुड़ा कोई पुराना मसला आज फिर उठ सकता है, पर घबराइए मत, गुरु की कृपा से रास्ता निकल ही आएगा. मंगल कमजोर बैठे हैं तो पैसों का कोई फैसला जल्दबाजी में मत लीजिए. शुक्र की वजह से प्रेम या बच्चों को लेकर मन में जो हलचल है, उसमें खुद को कोसने के बजाय थोड़ी नरमी अपनाइए. सब पर एक साथ खरा उतरना मुमकिन नहीं होता.
मिथुन राशि
बुध तो आपकी अपनी राशि में हैं, पर आज अस्त होकर बैठे हैं. दिमाग तेज चलेगा, मगर फैसलों में वही तेजी भारी भी पड़ सकती है. मंगल भी लग्न पर शत्रु राशि में डटे हैं, तो बातचीत में तीखापन आने की पूरी गुंजाइश है. जितना बच सकें, बहस से बचिए. पैसों से जुड़ा कोई भी कदम आज सोच-समझकर ही उठाइए.
कर्क राशि
आज तो आपका ही दिन है. गुरुदेव की अस्त अवस्था खत्म होते ही व्यक्तित्व में एक अलग चमक आ जाएगी. कोई शुभ काम शुरू करना हो तो आज से बेहतर दिन नहीं. बस इतना ध्यान रहे, बुध भी वहीं अस्त बैठे हैं, तो जरूरी बातचीत या दस्तावेजी काम में जल्दबाजी न दिखाएं. चंद्रमा की वजह से मन आज थोड़ा खर्चीला भी हो सकता है, हिसाब-किताब पर नजर बनाए रखिएगा.
सिंह राशि
चंद्रमा खुद आपकी राशि में विराजमान हैं और केतु से दूर हो रहे हैं. कल की उदासी आज कम हो जाएगी. एकांत भाव में गुरु के अस्त-मुक्त होने से भीतर से मार्गदर्शन साफ मिलेगा, पर्दे के पीछे किया गया काम आज ज्यादा रंग लाएगा. बुध वहीं अस्त हैं तो बातचीत में जल्दबाजी न दिखाएं, कमाई सुधरने के संकेत भी हैं.
कन्या राशि
शुक्र आपकी राशि में नीच के बैठे हैं, इसलिए खुद की छवि को लेकर मन में बेवजह शक उठ सकता है. खुद पर थोड़ा भरोसा रखिए, हर बात दिल पर मत लीजिए. लाभ भाव में बुध अस्त हैं, तो दोस्तों या सोशल सर्कल से जुड़ा कोई फैसला सोच-समझकर लीजिएगा. अच्छी बात यह है कि गुरु के अस्त-मुक्त होने से आय के नए रास्ते खुलेंगे ही, बस असर आने में थोड़ा वक्त लगेगा.
तुला राशि
करियर के मोर्चे पर आज बड़ी राहत मिलेगी . गुरु की अस्त अवस्था खत्म होते ही तरक्की और सम्मान के रास्ते खुलने लगेंगे. एक बात का ख्याल रखें, बुध भी वहीं अस्त बैठे हैं, तो ऑफिस से जुड़ा कोई जरूरी फैसला या पेपरवर्क आज हड़बड़ी में न निपटाएं. निजी जिंदगी में शुक्र के कमजोर होने से खुद पर शक करने की जो आदत बन गई है, उसे आज छोड़ ही दीजिए.
वृश्चिक राशि
भाग्य भाव में गुरु के अस्त-मुक्त होते ही भरोसा और उम्मीद दोनों लौट आएंगे, जो किस्मत रुकी हुई थी वो फिर चलने लगेगी. साझेदारी के भाव में मंगल कमजोर बैठे हैं, इसलिए जीवनसाथी हो या बिजनेस पार्टनर, बहस से दूर ही रहिए. मेहनत रंग लाएगी, बस धैर्य रखना पड़ेगा.
धनु राशि
आपकी राशि के मालिक गुरु आज उच्च के तो हैं ही, अस्त-मुक्त भी हो गए हैं. गुप्त भाव में इससे गहरी अंतर्दृष्टि और भीतरी ताकत दोनों मिलेगी. साझेदारी के भाव में मंगल कमजोर हैं, तो रिश्तों में तीखेपन या जल्दबाजी से बचकर चलिए. जरूरी दस्तावेजों को बुध अस्त होने के चलते आज दो बार पढ़कर ही आगे बढ़ाइए.
मकर राशि
जीवनसाथी और साझेदारी के मामलों में आज गुरु का साथ मिलते ही रिश्ते में मिठास घुलेगी. संचार भाव में शनि वक्री होकर बैठे हैं, तो पुराने विषय दोबारा चर्चा में आ सकते हैं, बोलने से पहले एक बार सोच लीजिए. सेहत और रोजमर्रा के कामकाज में जल्दबाजी न दिखाएं, चोट-चपेट लगने का डर बना रहेगा.
कुंभ राशि
सेहत और दिनचर्या के भाव में गुरु के अस्त-मुक्त होते ही आज शुभ फल खुलकर मिलेंगे. कोई नई अच्छी आदत डालनी हो तो आज से शुरुआत कर सकते हैं. धन भाव में शनि वक्री बैठे हैं, तो खर्च और बचत की गंभीरता से समीक्षा कर लीजिए. रिश्तों में आज गहराई महसूस होगी, बस पुरानी बातों को बहुत ज्यादा तूल मत दीजिए.
मीन राशि
रचनात्मकता के भाव में गुरु आज उच्च के होकर अस्त-मुक्त भी हो गए हैं. नए विचारों और करियर, दोनों को इसका खुलकर फायदा मिलेगा. शनि लग्न में वक्री बैठे हैं, इसलिए बड़े फैसले जल्दबाजी में मत लीजिए, यह खुद को परखने का समय है. शाम के वक्त थोड़ा आराम और आत्म-चिंतन फायदा देगा.
