fbpx
चंदौलीराजनीति

मानसून ट्रफ चंदौली में कराएगा झमाझम बारिश, जानिए मौसम का हाल, अभी तक औसत से 66 फीसद कम बरसात

चंदौली। मानसून मानों इस साल रुठ गया हो, जुलाई में जून जैसी तीखी धूप व तपिश लोगों को बेहाल कर रही है। आसमान में बादलों की लुकाछिपी चल रही है, लेकिन बारिश नहीं हो रही। जुलाई में अब तक औसत 66 फीसद कम बारिश हुई है। संभावित सूखे को देखते हुए किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच गई हैं। मौसम विभाग की ओर से किसानों के लिए राहत भरी खबर है। मध्य भारत में अवस्थित मानसून ट्रफ के जल्द ही उत्तरी दिशा की ओर स्थानांतरित होने की संभावना है। इससे चार-पांच दिन बाद बारिश शुरू होने के आसार हैं।

 

 

राज्य कृषि मौसम केंद्र के कृषि विशेषज्ञ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 20 जून को प्रदेश में प्रवेश करने के पश्चात 29 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा 30 जून को संपूर्ण प्रदेश में मानसून पहुंचने के साथ ही 28 जून प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश हुई। लेकिन जुलाई के प्रथम सप्ताह के दौरान उड़ीसा पर बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण मानसून ट्रफ अपनी सामान्य अक्षीय स्थिति से दक्षिण की तरफ मध्य भारत के ऊपर स्थानांतरित हो जाने के फलस्वरूप प्रदेश में बारिश में व्यापक कमी आने के साथ ही तापमान में प्रभावी वृद्धि दर्ज की गई। अभी तक मानसून ऋतु के दौरान जिले में 56.5 मिलीमीटर बारिश हुई है। यह आंकड़ा दीर्घकालिक औसत से 66% कम है। वर्तमान भू-भौतिकीय एवं ऊष्मागतिकीय परिस्थितियों के अंतर्गत आगामी 2-3 दिनों के दौरान मौसम सामान्यतया शुष्क बना रहने की संभावना है इसके बाद मानसून द्रोणी के उत्तरी दिशा में स्थानांतरित होने से बंगाल की खाड़ी से आने वाली आर्द्र पुरवा हवाओं के आवेग में वृद्धि होने से बारिश पुनर्आरंभ होने की संभावना है। 12 जून को जिले का दिन का अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आगामी दिनों में तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बने रहने की संभावना है।

Back to top button
error: Content is protected !!