ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: डीएम ने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य का लिया जायजा, बूथों पर परखी हकीकत, बीएलओ को घर-घर जाकर पात्रों को सूची में नाम जोड़वाने को जागरूक करने के दिए निर्देश

चंदौली। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 के तहत मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान की हकीकत जानने रविवार को जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी शैलेष कुमार विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचे। उन्होंने विशेष अभियान दिवस के दूसरे दिन जनपद के अलग-अलग मतदान केंद्रों और बूथों का औचक निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य की प्रगति परखी। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) और निर्वाचन कार्य में लगे कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ से मतदाता सूची में नए नाम जोड़ने, अपात्र एवं मृत मतदाताओं के नाम हटाने तथा नाम, पता और अन्य विवरणों में संशोधन के लिए प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि पुनरीक्षण कार्य में पूरी पारदर्शिता बरती जाए और प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निर्धारित समयसीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल होना जरूरी है। कोई भी पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं और महिला मतदाताओं का पंजीकरण बढ़ाने पर जोर दिया। इसके लिए बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने और पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।

 

मतदान केंद्रों पर बुनियादी सुविधाएं भी परखीं

निरीक्षण के दौरान डीएम ने मतदान केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

 

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का लाभ उठाएं। अपनी और परिवार के सदस्यों की मतदाता सूची में नाम की जांच करें। यदि किसी पात्र सदस्य का नाम सूची में नहीं है तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत पंजीकरण कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराना प्रत्येक पात्र नागरिक की जिम्मेदारी है, ताकि आगामी चुनाव में सभी अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

Back to top button
error: Content is protected !!