
जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में बनी रणनीति, जिलाध्यक्ष बोले- वोट का अधिकार बचेगा तभी सुरक्षित रहेगा लोकतंत्र
चंदौली। लखनऊ में 26 नवंबर को आयोजित होने वाले संविधान रक्षा मार्च में चंदौली से सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। इसके लिए जिला कांग्रेस कमेटी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। शनिवार को चंद्रा त्रिपाठी कांग्रेस भवन में जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मार्च की तैयारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी को लेकर चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी ने भाजपा सरकार पर लोगों को मताधिकार से वंचित करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रत्येक भारतीय नागरिक के हक और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। संविधान की रक्षा और लोकतंत्र को बचाने की लड़ाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जब वोट बचेगा, तभी देश बचेगा। इसी उद्देश्य से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत 26 नवंबर को लखनऊ में संविधान रक्षा मार्च आयोजित किया जाएगा। इसमें चंदौली से बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करेंगे।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह मुन्ना ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए चंदौली सहित पूरे प्रदेश के लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार अलग-अलग हथकंडे अपनाकर लोगों को मताधिकार से वंचित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने पीलीभीत मॉडल का उल्लेख करते हुए दावा किया कि वहां एक विधानसभा क्षेत्र में करीब 13 हजार लोगों के नाम मतदाता सूची में सुनियोजित तरीके से गलत दर्ज किए गए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची पर विशेष निगरानी रखने और लोगों को जागरूक करने की अपील की।
बैठक में मधु राय, रामानंद यादव, मुनीर खान, राममूरत गुप्ता, दयाराम पटेल, गंगा प्रसाद, शिवेंद्र मिश्रा, मदन लाल, दीनदयाल विश्वकर्मा, जुगल किशोर, मुकेश नंदन, राकेश सिंह, राजकिशोर सिंह, अमरदेव राम, रामौतार यादव, सैय्यद अंसारी, श्रीकांत पाठक, शमशेर खान, विशुन सोनकर और संतोष चौबे सहित सैकड़ों कांग्रेसजन उपस्थित रहे। अध्यक्षता अरुण द्विवेदी ने की और संचालन शिवेंद्र मिश्रा ने किया।

