चंदौलीराज्य/जिला

मतदाता पुनरीक्षण अभियान की एसडीएम ने की समीक्षा, कई बूथों का किया निरीक्षण

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर जोर, बीएलओ को दिए निर्देश

चंदौली। मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए चल रहे विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के तहत रविवार को उपजिलाधिकारी चकिया विकास मित्तल ने शहाबगंज क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर चल रहे पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित बीएलओ से आवश्यक जानकारी ली।

एसडीएम ने अतायस्तगंज, शहाबगंज, तियरा, कुआं और भष्करपुर समेत कई गांवों के विद्यालयों में बनाए गए मतदान केंद्रों का दौरा किया। उन्होंने नए मतदाताओं के पंजीकरण, प्राप्त आवेदनों और मतदाता सूची में संशोधन की स्थिति की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवक-युवतियों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष जोर दिया। इसके लिए पात्र युवाओं से फार्म-6 भरवाने और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण करने का निर्देश दिया।

उन्होंने बीएलओ को निर्देशित किया कि घर-घर संपर्क कर पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करें। विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।

एसडीएम ने कहा कि पुनरीक्षण कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और निर्वाचन आयोग के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी से अभियान संचालित किया जाए।

Back to top button
error: Content is protected !!