
चंदौली। पूर्व सैनिक केवल देश की सीमाओं के प्रहरी ही नहीं, बल्कि समाज को राष्ट्रहित और राष्ट्रीय कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने वाली महत्वपूर्ण शक्ति भी हैं। उनका अनुभव, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का भाव समाज को नई दिशा देने में अहम भूमिका निभा सकता है। यह बातें रविवार को डाफी स्थित मैक्सवेल सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, काशी प्रांत की कार्यकारिणी की ओर से आयोजित लोकमत परिष्कार सभा की बैठक में वक्ताओं ने कहीं।

कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक रमेश जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। बैठक की अध्यक्षता करते हुए बीजेपी किसान मोर्चा के क्षेत्रीय महामंत्री डॉ. कृष्णानंद पांडेय ने कहा कि सैनिकों का सम्मान, उनके परिवारों का कल्याण और पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। पूर्व सैनिकों को राष्ट्रहित के मुद्दों पर समाज को जागरूक करने के लिए आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक नागरिक का जागरूक और विवेकपूर्ण मतदान जरूरी है। राष्ट्रहित, राष्ट्रीय सुरक्षा, सैनिकों का सम्मान और देश का विकास जैसे विषयों को प्राथमिकता देते हुए सभी को अपने लोकतांत्रिक दायित्वों का निर्वहन करना चाहिए।

बैठक में राष्ट्रहित, सामाजिक दायित्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और जागरूक जनमत निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने पूर्व सैनिकों से अपने अनुभव और अनुशासन के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने तथा नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस अवसर पर काशी प्रांत के अध्यक्ष रेवती रमण तिवारी, संगठन मंत्री डॉ. कृष्णानंद पांडेय, कैप्टन विनोद कुमार उपाध्याय, रामावतार पाल, एसके गुप्ता, अजीत सिंह, धीरज सिंह, यूएन यादव और विनय मौर्य सहित सैकड़ों पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।

