ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: मौसम की बेरुखी से किसानों की बढ़ी चिंता, खेतों में खड़ी धान की फसल पर मंडराया संकट

चंदौली। मौसम के अचानक बदले मिजाज ने किसानों की धड़कनें बढ़ा दी हैं। 21 नवंबर को आसमान में छाए बादलों और बारिश की आशंका ने धान की कटाई में जुटे किसानों की चिंता बढ़ा दी है। विकासखंड क्षेत्र में कहीं धान की कटाई पूरी हो चुकी है तो कहीं फसल अभी खेतों में खड़ी है। कई किसानों ने धान काटकर खेतों में ही सुखाने के लिए छोड़ रखा है। ऐसे में बेमौसम बारिश हुई तो किसानों को दोहरी मार झेलनी पड़ सकती है।

 

शहाबगंज विकासखंड के विभिन्न गांवों में इन दिनों धान की कटाई का काम चल रहा है। कुछ किसानों ने अपनी फसल की कटाई पूरी कर ली है, जबकि बड़ी संख्या में किसान अभी कटाई की तैयारी में जुटे हैं। किसानों के मुताबिक, अगले दस दिनों में अधिकांश खेतों में कटाई का काम शुरू होना था और कई स्थानों पर फसल कटकर तैयार हो जाती। लेकिन मौसम में आए अचानक बदलाव ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।

 

किसानों का कहना है कि यदि इस समय बारिश होती है तो खेतों में खड़ी धान की फसल को नुकसान पहुंच सकता है। तेज हवा के साथ बारिश होने पर फसल गिरने की आशंका भी बनी रहेगी। वहीं, जिन किसानों ने धान काटकर खेतों में सुखाने के लिए बिछाया है, उनके सामने उसे सुरक्षित रखने की चुनौती होगी। बारिश से कटी फसल भीगने पर धान की गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है। इसके अलावा दोबारा सुखाने और सुरक्षित भंडारण में भी परेशानी होगी।

 

किसानों के सामने सबसे बड़ी समस्या यह है कि एक तरफ खेतों में खड़ी फसल कटाई का इंतजार कर रही है तो दूसरी ओर कटी हुई फसल को बारिश से बचाना मुश्किल हो रहा है। महीनों की मेहनत और खेती में लगाई गई पूंजी पर मौसम की मार पड़ने की आशंका से किसान परेशान हैं। किसानों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मौसम की स्थिति पर नजर रखते हुए कृषि विभाग के माध्यम से आवश्यक सलाह और सहायता उपलब्ध कराई जाए। बारिश से फसल प्रभावित होने पर तत्काल स्थलीय सर्वे कराया जाए और नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाए।

 

Back to top button
error: Content is protected !!