ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: पुलिस झंडा दिवस पर शहीद जवानों के त्याग और बलिदान को किया याद, एसपी आकाश पटेल ने पुलिस लाइन में किया ध्वजारोहण, बोले- पुलिस ध्वज कर्तव्यनिष्ठा और शौर्य का प्रतीक

चंदौली। पुलिस झंडा दिवस के अवसर पर सोमवार को पुलिस लाइन में पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने ससम्मान पुलिस ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिस बल के गौरवशाली इतिहास, वीर जवानों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनसेवा करने की प्रेरणा दी। जिले के सभी थानों, पुलिस चौकियों और कार्यालयों में भी पुलिस ध्वज फहराकर झंडा दिवस मनाया गया।

एसपी ने बताया कि 23 नवंबर 1952 को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने उत्तर प्रदेश पुलिस को पहली बार पुलिस ध्वज प्रदान किया था। उत्तर प्रदेश पुलिस देश का पहला ऐसा राज्य पुलिस बल है, जिसे उसके अप्रतिम योगदान और शौर्य के लिए यह सम्मान मिला। उन्होंने कहा कि पुलिस ध्वज विभाग के गौरवशाली इतिहास, वीर जवानों की कर्तव्यपरायणता और उनकी शौर्यगाथाओं का प्रतीक है। यह पुलिसकर्मियों को हर परिस्थिति में अपने दायित्वों के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम में एसपी ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश के संदेश को पढ़कर सुनाया। संदेश में वर्ष 2017 से अब तक 2.26 लाख से अधिक पुलिसकर्मियों की भर्ती, अपराधियों को सजा दिलाने के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन कन्विक्शन और महिला सुरक्षा के लिए मिशन शक्ति केंद्रों की स्थापना का उल्लेख किया गया। बताया गया कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत एक जुलाई 2023 से 18 नवंबर 2026 तक 1,64,917 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई है।

संदेश में साइबर अपराध नियंत्रण के लिए 1930 हेल्पलाइन, जागरूकता अभियान और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित ‘यक्ष’ ऐप के उपयोग की जानकारी भी दी गई। यातायात सुधार के लिए आरटीसी योजना के तहत कंजेशन पॉइंट्स पर लगभग 64 प्रतिशत सुधार तथा जीरो फैटेलिटी डिस्ट्रिक्ट योजना से सड़क दुर्घटनाओं और मौतों में कमी का दावा किया गया। वर्ष 2026 की पहली छमाही में इन प्रयासों से 800 से अधिक लोगों की जान बचाने की जानकारी दी गई।

 

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक सदर विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी कार्यालय संजय राय सहित पुलिस कार्यालय और पुलिस लाइन के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। विभिन्न इकाइयों में पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे को फ्लैग पिन लगाकर भी झंडा दिवस की शुभकामनाएं दीं।

 

Back to top button
error: Content is protected !!