ख़बरेंचंदौली

मॉक ड्रिल : हवाई हमले का सायरन बजते ही बुझ गईं बत्तियां, अंधेरे में सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचे लोग

मुगलसराय फायर स्टेशन पर ब्लैकआउट और एयर रेड मॉक ड्रिल, डीएम-एसपी ने परखी आपातकालीन तैयारियां

 युद्ध के दौरान हमले में घायलों को अस्पताल पहुंचाने का भी हुआ अभ्यास

चंदौली। युद्धकालीन और आपातकालीन परिस्थितियों में हवाई हमलों समेत विभिन्न आपदाओं से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए रविवार शाम मुगलसराय फायर स्टेशन पर ब्लैकआउट और एयर रेड मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल की मौजूदगी में शाम छह बजे निर्धारित समय पर शुरू हुए इस अभ्यास में हवाई हमले की चेतावनी से लेकर बचाव और राहत कार्यों तक की पूरी प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी की।

भारत सरकार के गृह मंत्रालय के नागरिक सुरक्षा एवं गृह रक्षक विभाग, नई दिल्ली के निर्देश पर आयोजित इस मॉक ड्रिल का उद्देश्य युद्ध जैसी परिस्थितियों में आगजनी, बाढ़, बमबारी, रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु प्रभाव (सीबीआरएन) और भगदड़ जैसी आपदाओं से बचाव के प्रति आमजन को जागरूक करना था। साथ ही जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन इकाई और नागरिक सुरक्षा बलों की तत्परता तथा त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन किया गया।

मॉक ड्रिल के तहत सबसे पहले हवाई हमले की चेतावनी देने के लिए सायरन बजाया गया। सायरन की ऊंची-नीची आवाज के माध्यम से नागरिकों और संबंधित विभागों को संभावित हवाई हमले की सूचना दी गई। इसके बाद निर्धारित समय पर विद्युत आपूर्ति बंद कर ब्लैकआउट किया गया। अभ्यास के दौरान कार्यालयों और घरों में पर्दे लगाकर रोशनी को बाहर जाने से रोकने तथा बिना रोशनी के रहने की प्रक्रिया समझाई गई। लोगों को सुरक्षित स्थानों और शेल्टर होम में शरण लेने का अभ्यास भी कराया गया।

इसके बाद खतरा समाप्त होने का संकेत देने के लिए दो मिनट तक ऊंची-नीची आवाज में ऑल क्लियर सायरन बजाया गया। इसके साथ ही विद्युत व्यवस्था बहाल की गई। मॉक ड्रिल के अगले चरण में अग्निशमन और स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। आग जैसी आपात स्थिति में बचाव की प्रक्रिया अपनाई गई और घायलों को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्राथमिक उपचार देने के बाद एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने का अभ्यास किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों की सराहना की। जिलाधिकारी ने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में जनहानि कम करने के लिए आमजन को जागरूक और प्रशिक्षित करना जरूरी है। इसी क्रम में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में अलग-अलग समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को आपदा के समय अपनाए जाने वाले सुरक्षा उपायों की जानकारी मिल सके।

 

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, एनसीसी, होमगार्ड और नागरिक सुरक्षा विभाग के स्वयंसेवकों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

 

Back to top button
error: Content is protected !!