
चंदौली। मुगलसराय पुलिस ने पड़ाव-भोजपुर मार्ग पर हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का सफल खुलासा करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से लूट की रकम में से 60 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल, चार मोबाइल फोन और पीड़ित का बैग बरामद किया है।
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि 21 मई को वाराणसी निवासी महताब अहमद से ग्राम चौरहट के पास बदमाशों ने धक्का देकर 1 लाख 34 हजार रुपये से भरा बैग लूट लिया था। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुगलसराय पुलिस, एसओजी, सर्विलांस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जांच शुरू की। करीब 25 किलोमीटर क्षेत्र में लगे 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर ओपी गार्डेन के सामने घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पकड़े गए अभियुक्तों में आर्यन श्रीवास्तव, शिवांग पाण्डेय, मोहम्मद तारिक अंसारी उर्फ आर्यन और देव सरकार उर्फ दयाल शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जल्द अमीर बनने और अपने शौक पूरे करने के लिए उन्होंने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार, एसओजी प्रभारी रामजनम यादव, सर्विलांस टीम के आशीष मिश्रा और साइबर सेल के अभिषेक शुक्ला समेत कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।

