ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: घर में रखा गैस सिलेंडर ब्लास्ट, टीन शेड उड़ा, दीवारों में पड़ी दरार, महिला समेत पांच घायल

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के चकनौदार गांव में मंगलवार देर रात गैस सिलेंडर फटने से बड़ा हादसा हो गया। भरत यादव के घर में रखा घरेलू गैस सिलेंडर अचानक लीकेज के कारण तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि पूरे गांव में हड़कंप मच गया और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। ब्लास्ट से कमरे का टीन शेड उड़ गया। वहीं दीवारों में दरारें पड़ गईं। चार किशोर भी घायल हो गए हैं। घटना की सूचना के बाद मायके से घर आ रहीं भरत के भाई की पत्नी गांव के समीप सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें वाराणसी रेफर कर दिया गया है।

 

भरत यादव ने सिलेंडर भरवाकर घर में रखा था। मंगलवार की देर रात अचानक गैस रिसाव होने लगा और कुछ ही देर में सिलेंडर बीच से फट गया। विस्फोट के बाद घर में आग लग गई। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि टिन शेड के परखच्चे उड़ गए, जबकि मकान के पिलर और दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

 

घटना के समय घर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। हादसे में जोगिंदर, राहुल, शिवम और शुभम नामक चार किशोर घायल हो गए। सभी की उम्र करीब 16 वर्ष के आसपास बताई जा रही है। घायलों को हल्की चोटें आई हैं, जिनका स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया।

 

घर में सिलेंडर फटने की सूचना के बाद भरत यादव के भाई की पत्नी अपने मायके से वापस गांव आ रही थीं। गांव के समीप पहुंचने पर बाइक डिवाइडर से टकराकर गिर गई। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। तत्काल चहनियां पीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि जिला अस्पताल से भी वाराणसी के लिए रेफर कर दिया गया। पीड़ित परिवार ने गैस एजेंसी से तकनीकी जांच कराने, उचित मुआवजा देने और बीमा सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Back to top button
error: Content is protected !!