चंदौलीप्रशासन एवं पुलिसराज्य/जिला

अपराध समीक्षा बैठक के बाद चंदौली एसपी का बड़ा एक्शन, 23 पुलिसकर्मी दंडित; अलीनगर, कंदवा और धानापुर के थाना प्रभारी बदले

चंदौली। अपराध समीक्षा बैठक में पुलिस अधीक्षक ने लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए 23 पुलिसकर्मियों पर विभागीय दंड लगाया।

बैठक के बाद थाना प्रभारियों के कार्यों की समीक्षा के आधार पर प्रशासनिक फेरबदल भी किया गया। थाना अलीनगर में लूट, छिनैती जैसी घटनाओं के अनावरण में अपेक्षित प्रगति न होने, निरोधात्मक कार्रवाई और गोवंश तस्करी के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई में कमी पाए जाने पर थानाध्यक्ष निरीक्षक घनश्याम शुक्ला को हटाकर पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी निरीक्षक गगन राज सिंह को नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

इसी प्रकार थाना धानापुर के थानाध्यक्ष निरीक्षक त्रिवेणी लाल सेन को शिथिल कार्यशैली और संवेदनशील घटनाओं की सूचना समय से उच्चाधिकारियों को न देने के कारण हटाते हुए डीसीआर प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्रा को धानापुर का नया थानाध्यक्ष बनाया गया।

वहीं थाना कंदवा के थानाध्यक्ष निरीक्षक राजीव मल्ल के स्थान पर वीएसटी टीम के उपनिरीक्षक विनोद अंचल को नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि थाना प्रभारियों का मूल्यांकन अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, विवेचना की गुणवत्ता, निरोधात्मक कार्रवाई और जनसंतुष्टि के आधार पर लगातार किया जाएगा। उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जबकि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त विभागीय एवं प्रशासनिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Back to top button
error: Content is protected !!