
चंदौली। मुगलसराय स्थित प्राचीन काली माता मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान हुए हादसे ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। हादसे में गुंबद की चपेट में आने से डांडी निवासी संविदाकर्मी और पूर्व पहलवान बलदेव यादव की मौत हो गई थी। घटना के बाद विपक्ष ने सरकार पर सवाल उठाते हुए मुआवजे और कार्रवाई की मांग तेज कर दी है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है। उन्होंने बिना सुरक्षा इंतजाम के ऐसे जोखिम भरे कार्य कराए जाने को बेहद निंदनीय बताया।
वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने दांडी पहुंचकर मृतक के परिवार से मुलाकात की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने सरकार से परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा और एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
अजय राय ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार गरीबों की चिंता नहीं कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि किसी प्रभावशाली व्यक्ति की मौत होती तो अब तक सत्ता पक्ष के जनप्रतिनिधि उनके घर पहुंच चुके होते।
उधर, प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। हालांकि घटना के बाद तत्काल कार्रवाई नहीं होने को लेकर विपक्ष सरकार पर हमलावर है और इस मुद्दे को लगातार उठा रहा है।

