
चंदौली। मुगलसराय स्थित काली माता मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान हुए हादसे में श्रमिक बलदेव यादव की मृत्यु के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को पड़ाव स्थित डांडी गांव में उनके आवास पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात की। उन्होंने दिवंगत श्रमिक को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
अजय राय ने कहा कि यह घटना बेहद दुखद और हृदय विदारक है। उन्होंने कहा कि एक गरीब मजदूर का अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए काम करते समय इस तरह हादसे का शिकार हो जाना कई गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि प्रशासन और संबंधित एजेंसियां सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करातीं तो शायद इस प्रकार की घटना टाली जा सकती थी।
उन्होंने प्रदेश सरकार से मृतक के परिवार को तत्काल एक करोड़ की आर्थिक सहायता प्रदान कराने की मांग की। साथ ही कहा कि परिवार के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए मृतक के एक आश्रित को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए, ताकि परिवार को आर्थिक संकट का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार को इस मामले में संवेदनशीलता दिखाते हुए शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगी। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत बलदेव यादव की आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, जिलाध्यक्ष अरुण द्विवेदी, शहर अध्यक्ष बृजेश गुप्ता, पूर्व शहर अध्यक्ष रामजी गुप्ता, आनंद शुक्ला, हीरालाल शर्मा, प्रदीप मिश्रा, दयाराम पटेल, नवीन पांडेय, माधवेंद्र मूर्ति ओझा, शाहिद तौसीफ, सैयद आले अब्बास, संतोष तिवारी, डॉ. सुल्तान खान, राममूरत गुप्ता, रामानंद यादव, राज किशोर सिंह, निखिल राय, राकेश पाठक, गुफरान अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

