क्राइमचंदौली

चकिया में पुलिस-बदमाश मुठभेड़, पैर में गोली मारकर दबोचा गया आरोपी

 

चंदौली। चकिया कोतवाली क्षेत्र के बनरसियां गांव के पास गुरुवार को पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। दोनों ओर से हुई फायरिंग के दौरान पुलिस ने बदमाश के दाहिने पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल आरोपी की पहचान मनीष यादव के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने पुलिस टीम का नेतृत्व किया।

पुलिस के अनुसार मनीष यादव को एक दिन पहले सैदूपुर कस्बे में ज्वेलरी दुकान में लूट की कोशिश के मामले में गिरफ्तार किया गया था। गुरुवार को पुलिस टीम उसे असलहा बरामदगी के लिए बनरसिया विद्यालय के पास लेकर गई थी। इसी दौरान आरोपी ने अचानक पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में थाना प्रभारी अर्जुन सिंह की टीम ने उसे पैर में गोली मारकर काबू कर लिया।

बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर सैदूपुर कस्बा स्थित गोलू ज्वेलरी दुकान पर तीन युवक ग्राहक बनकर पहुंचे थे। उस समय दुकान संचालक गोलू सेठ बाहर गए हुए थे और दुकान पर उनकी पत्नी पूजा वर्मा मौजूद थीं। आरोप है कि बदमाशों ने महिला को बंधक बनाकर दुकान में रखे जेवरात लूटने का प्रयास किया।

हालांकि पूजा वर्मा ने साहस दिखाते हुए शोर मचा दिया, जिसके बाद आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ जुटता देख बदमाश भागने लगे, लेकिन ग्रामीणों ने पीछा कर एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और कारतूस बरामद हुआ।

घटना की सूचना मिलते ही चकिया पुलिस सक्रिय हो गई और इलाके की घेराबंदी कर फरार बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। इसी क्रम में पुलिस ने सरैया गांव के पास पीछा कर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीसरा आरोपी खेतों के रास्ते फरार हो गया, जिसकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मनीष यादव और संदीप चौधरी निवासी अकोढ़ी थाना रामगढ़, जिला भभुआ (बिहार) के रूप में हुई।

Back to top button
error: Content is protected !!