चंदौली। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने जिले के आठ निरीक्षक-उपनिरीक्षकों का तबादला कर दिया है। दो चौकी प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। एसपी ने सभी को तत्काल नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं।
पुलिस लाइन में रहे निरीक्षक शिवशंकर सिंह को विवेचना सेल अपराध शाखा में भेजा गया है। वहीं कमालपुर चौकी में तैनात उपनिरीक्षक जयकरण सरोज को वहीं का चौकी प्रभारी बनाया गया है। चौकी प्रभारी कमालपुर अरविंद यादव का स्थानांतरण चौकी प्रभारी इलिया के पद पर किया गया है।
उपनिरीक्षक गंगाधर मौर्या को पुलिस लाइन से सैयदराजा थाना भेजा गया है। बृजमोहन सिंह को नौगढ़ से मुगलसराय कोतवाली में तैनाती दी गई है। नमो नारायण राय का पुलिस लाइन से अलीनगर थाने के लिए किया गया स्थानांतरण निरस्त करते हुए उन्हें पुलिस लाइन में ही रखा गया है।
एसआई मोहम्मद अरशद को मुगलसराय से चकरघट्टा भेजा गया है। इसी तरह चौकी प्रभारी इलिया गिरीश बल्लभ शुक्ल का स्थानांतरण इलिया थाने में किया गया है। अनुकंपा और समायोजन के आधार पर स्थानांतरण किए गए हैं।

