
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शातिर हिस्ट्रीशीटर मृत्युंजय कुशवाहा के पैर में गोली लग गई। उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके से चोरी के 2 ट्रैक्टर, 1 ट्राली, अवैध तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं।
बलुआ पुलिस राधे की मड़ई, ग्राम सोनहुला के पास चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि भूपौली से मथेला आने वाली नहर पर चोरी के ट्रैक्टर आ रहे हैं। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो आगे वाले ट्रैक्टर के चालक ने पुलिस टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की और फायर कर दिया। आत्मरक्षा में पुलिस ने भी जवाबी फायर किया जिसमें अभियुक्त मृत्युंजय कुशवाहा के पैर में गोली लग गई। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस ने मौके से चोरी के 02 ट्रैक्टर, 01 ट्राली, 01 अवैध तमंचा 315 बोर, 01 जिंदा कारतूस और 01 खोखा कारतूस बरामद किया है।
मृत्युंजय कुशवाहा पुत्र नरसिंह कुशवाहा, निवासी तरांव थाना रामपुर मझवां जनपद गाजीपुर के खिलाफ गाजीपुर, वाराणसी, जौनपुर और चंदौली के विभिन्न थानों में चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत लगभग दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह के नेतृत्व में उ.नि अनन्त भार्गव, चौकी प्रभारी अमित सिंह, उ.नि जमीलुद्दीन खान, उ.नि जितेन्द्र बहादुर सिंह, जलभरत और रमेश चौहान ने अंजाम दिया।

