चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: मुगलसराय में बुलडोजर कार्रवाई पर एक दिन का ब्रेक, अतिक्रमण हटाने को मिली मोहलत

 

चंदौली। पीडीडीयू नगर (मुगलसराय) में चल रहे सड़क चौड़ीकरण अभियान के बीच रविवार को बुलडोजर कार्रवाई पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने के लिए भवन स्वामियों और व्यापारियों को एक दिन की अतिरिक्त मोहलत दी है। अब यह अभियान सोमवार से दोबारा शुरू होगा।

एसडीएम अनुपम मिश्रा ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिन स्थानों पर लाल निशान लगाए गए हैं, वहां तक का अतिक्रमण लोग स्वयं हटा लें। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय के बाद प्रशासन सख्त कार्रवाई करेगा और किसी प्रकार की रियायत नहीं दी जाएगी।

पिछले तीन दिनों से लगातार बुलडोजर अभियान चलाकर सड़क किनारे बने अवैध निर्माणों को हटाया गया। इस दौरान कई दुकानों और ढांचों को ध्वस्त किया गया, जिससे क्षेत्र में हलचल मची रही। हालांकि रविवार को मिली इस राहत से व्यापारियों को अपनी दुकानों और सामान को सुरक्षित करने का थोड़ा समय मिल गया है।

प्रशासन का कहना है कि सड़क चौड़ीकरण परियोजना को समय पर पूरा करना प्राथमिकता है, इसलिए सोमवार से अभियान और तेज गति से चलाया जाएगा।

Back to top button
error: Content is protected !!