ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: रिंग रोड पर खड़ी ट्रकों से उड़ा देते थे माल, एक आरोपी गिरफ्तार

चंदौली। जिले में खड़ी ट्रकों से डीजल और रिफाइंड तेल चोरी करने वाले गिरोह का मुगलसराय पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ में चोरी के तरीके और नेटवर्क को लेकर कई अहम खुलासे हुए हैं।

 

9 फरवरी 2026 को राजस्थान के अलवर निवासी ट्रक चालक छित्तमल मीणा ने मुगलसराय थाने में तहरीर देकर बताया कि वह नेपाल के बीरगंज से 1500 डिब्बा रिफाइंड तेल लेकर वाराणसी उद्योग पड़ाव की ओर जा रहा था। 8 फरवरी की रात करीब 1 बजे रास्ते की जानकारी न होने के कारण उसने अपनी 18 चक्का ट्रक को रिंग रोड के पास मौजा छिमिया क्षेत्र में खड़ा कर दिया और सो गया। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने ट्रक का रस्सा काटकर और तिरपाल फाड़कर 47 डिब्बा रिफाइंड तेल चोरी कर लिया। साथ ही ट्रक की टंकी से डीजल भी निकाल लिया गया।

 

पीड़ित चालक के अलावा दो अन्य ट्रकों से भी डीजल चोरी की घटना सामने आई थी। इस मामले में मुगलसराय थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। मुगलसराय पुलिस टीम ने इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। मुखबिर की सूचना पर रविवार की सुबह गंजी प्रसाद तिराहा के पास से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान आदर्श मिश्रा उर्फ छोटू निवासी डबरिया (पैगापुर), थाना धानापुर के रूप में हुई।

 

पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर रिंग रोड और हाइवे किनारे खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाता था। वे डीजल चोरी कर ट्रैक्टर चालकों को बेच देते थे और अन्य सामान, जैसे रिफाइंड तेल, को एक साथी की दुकान पर खपाते थे।

 

फिलहाल पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी है और गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह समेत पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Back to top button
error: Content is protected !!