fbpx
खेलचंदौली

चंदौली: मानसून ट्रफ मध्य भारत की ओर स्थानांतरित, तीखी धूप के साथ बढ़ा तापमान, जानिए आगे कब होगी बरसात

चंदौली। इस बार मौसम दगाबाज हो गया है। तीन दिन पहले उत्तर भारत की तरफ शिफ्ट हुआ मानसून ट्रफ दोबारा स्थानांतरित होकर मध्य भारत की चला गया है। इससे दो दिनों तक चला बारिश का सिलसिला थम चुका है। शनिवार को सुबह से ही तीखी धूप लोगों को परेशान करने लगी। इससे तापमान में भी लगभग दो डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो आने वाले तीन-चार दिनों तक प्रभावी बारिश के आसार नहीं है। इस दौरान वायुमंडलीय नमी के कारण कहीं-कहीं हल्की बूंदा-बादी हो सकती है।

 

राज्य कृषि मौसम केंद्र के प्रभारी अतुल कुमार सिंह बताते हैं कि 29 जून को पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून पहुंचने के साथ अल्पकालिक झमाझम बारिश हुई थी। इसके बाद मानसून द्रोणी अपने सामान्य अक्षीय स्थिति से दक्षिण की तरफ मध्य भारत के ऊपर स्थानांतरित हो गई थी। इससे जनपद समेत प्रदेश में लगभग एक पखवारे तक बारिश का सिलसिला थम गया था। लगभग १५ दिनों बाद मानसून ट्रफ अपने सामान्य स्थिति में आया तो 19 जुलाई के बाद पूर्वांचल सहित संपूर्ण प्रदेश में झमाझम बारिश का एक और दौर आया।  इसी बीच उड़ीसा में बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण मानसून ट्रफ पुनः अपनी सामान्य अक्षीय स्थिति से दक्षिण की तरफ मध्य भारत के ऊपर स्थानांतरित हो गया है। इसके चलते बारिश का क्रम रुक गया। इससे बारिश में व्यापक कमी की आशंका है। पुरवा हवा और अवशेष वायुमंडलीय नमी के कारण अनुकूल परिस्थितियों में यदा-कदा छिटपुट बारिश होने की संभावना है, लेकिन वर्तमान भू-भौतिकीय एवं ऊष्मागतिकीय परिस्थितियों के कारण आगामी 3-4 दिनों के दौरान प्रभावी बारिश होने की संभावना काफी क्षीण है। बताया कि 23 जुलाई को चंदौली का दिन का अधिकतम तापमान 2.6 डिग्री उछलकर 35.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। आगामी दिनों में भी तापमान के 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

Back to top button
error: Content is protected !!