
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगवां गांव में मंगलवार की रात चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी बुधवार सुबह होने पर परिवार में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की।
जानकारी के अनुसार, गजाधर राजभर का घर गांव से कुछ दूरी पर स्थित है। गर्मी के कारण परिवार के सभी सदस्य रात में छत पर सो रहे थे। इसी दौरान चोर घर में घुस गए और कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण तथा नकदी चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब परिवार के लोग नीचे पहुंचे तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए।
घटना के बाद गांव में दहशत और नाराजगी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहले भी कई चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। लगातार हो रही वारदातों से धीना पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठने लगे हैं।

