
चंदौली। जिला प्रशासन ने अवैध खनन को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। इसके तहत 28 ट्रकों को जब्त किया गया है।
सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी डा सर्वेश गौतम ने बताया कि जनपद में अवैध खनन और उसके परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए संयुक्त टास्क फोर्स का गठन किया गया है। जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर यह टास्क फोर्स परिवहन, खनन, सेल टैक्स, जिला/तहसील प्रशासन और पुलिस विभाग के अधिकारियों को मिलाकर बनाई गई है।
इस टास्क फोर्स ने पिछले चार दिनों में जनपद में 28 ट्रकों को जब्त किया है। 25 मई की रात को चलाए गए अभियान के तहत कुल 13 ट्रक पकड़े गए। इनमें से 3 ट्रक ओवरलोड थे, जबकि 10 ट्रक अवैध खनन और सेल टैक्स चोरी के आरोप में जब्त किए गए।
इन कार्रवाइयों से लगभग 2.5 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला गया है। इसके अतिरिक्त, इन वाहनों के चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन परमिट निलंबित करने की भी कार्रवाई की जाएगी।
टास्क फोर्स का मुख्य उद्देश्य जनपद में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को कम करना भी है। इसके तहत वाहनों द्वारा गलत साइड ड्राइविंग, लाइसेंस निलंबन, गलत नंबर प्लेट का उपयोग, और गलत पार्किंग जैसे यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी व्यापक कार्रवाई की जाएगी। विशेष रूप से, खनन में लगे ट्रैक्टरों से होने वाली दुर्घटनाओं और कर चोरी को देखते हुए, बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टरों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। यह अभियान भविष्य में भी में जारी रहेगा।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और अवैध रूप से संचालित/ओवरलोड पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ नियमानुसार चालान और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।

