
चंदौली। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर बलुआ स्थित पश्चिम वाहिनी गंगा तट पर श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। भोर से ही आस्था की डुबकी लगाने और पुण्य कमाने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लग गया। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा-अर्चना की। अन्न, वस्त्र व द्रव्य दान कर धर्म-कर्म में भागीदारी निभाई।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन द्वारा कड़े इंतजाम किए गए थे। बलुआ इंस्पेक्टर डॉ. आशीष मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल, एनडीआरएफ टीम, प्राइवेट गोताखोर और गंगा सेवा समिति के स्वयंसेवी सुरक्षा व्यवस्था में जुटे रहे। महड़ौरा, कांवर, विशापुर, सराय, महुअर, सोनबरसा, टांडा कला, तिरगावा, हसनपुर, बड़गांवा, नादी निधौरा, और सहेपुर जैसे क्षेत्रों के गंगा घाटों पर भी भक्तों ने डुबकी लगाकर पुण्य अर्जित किया।
जिलाधिकारी की ओर से महिला चेंजिंग रूम, खोया-पाया केंद्र, जनरेटर और प्रकाश व्यवस्था जैसे जरूरी इंतजाम किए गए। एसडीएम अनुपम मिश्रा, क्षेत्राधिकारी रघुराज, तहसीलदार अजीत सिंह और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर रहकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मकर संक्रांति पर आस्था और सुरक्षा का यह समायोजन एक बार फिर इस पवित्र पर्व के महत्व को दर्शाता है, जहां श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ गंगा स्नान और दान-पुण्य किया।