fbpx
जौनपुरराजनीतिराज्य/जिला

बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने पंजे से मिलाया हाथ, दांव पर साख

जौनपुर। जिले की सियासी सरगर्मी शनिवार को उस समय बढ़ गई जब बाहुबली पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कांग्रेस का दामन थाम लिया। अब वह मल्हनी विधानसभा सीट के लिये हो रहे उपचुनाव में कांग्रेस के सिंबल पर मैदान में उतरेंगे। इससे पहले वह भाजपा से टिकट पाने का प्रयास कर रहे थे। लेकिन आपराधिक छवि के लोगों से कन्नी काटने की भाजना की नीति राह का रोड़ा बन गई। बहरहाल धनंजय सिंह के कांग्रेस में शामिल होने से राजनितिक हलकों में हलचल सी मची हुई है। उन्होंने नामांकन फार्म खरीदकर अपने अभियान का श्रीगणेश कर दिया है।
चर्चा है कि भाजपा में दाल नहीं गलने पर ही जौनपुर के पूर्व सांसद धनंजय सिंह ने कांग्रेस का दामन थामा है। अब उन्होंने जौनपुर की मल्हनी विधानसभा सीट के उपचुनाव में मैदान मारने के लिए ताल ठोंक दी है। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री पारस नाथ यादव के निधन के चलते मल्हनी विधानसभा सीट पर उप चुनाव हो रहा है। सपा ने पारस यादव के पुत्र लकी को जबकि बसपा ने जयप्रकाश दूबे को मल्हनी से अपना प्रत्याशी घोषित किया है। चुनाव का परिणाम जो भी हो यह तो बाद की बात है। फिलहाल बाहुबली धनंजय सिंह के मैदान में आने से इस सीट को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है। जौनपुर में एक कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर से रंगदारी के मामले में फंसे बाहुबली धनंजय सिंह जेल से रिहा होने के बाद से ही किसी बड़ी राजनितिक पार्टी का दामन थामना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने जौनपुर से दिल्ली का सफर भी किया। अंत में उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम ही लिया। हालांकि उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा था कि भाजपा टिकट देती है तो जी जान से चुनाव लड़ेंगे।

Leave a Reply

Back to top button
error: Content is protected !!