चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: भोजापुर में किसानों ने रुकवाया निर्माणाधीन पुलिस लाइन का कार्य, जमीन कब्जाने का आरोप

चंदौली। सकलडीहा कोतवाली क्षेत्र के भोजापुर गांव के पास निर्माणाधीन पुलिस लाइन का कार्य गुरुवार को किसानों के विरोध के चलते रोक दिया गया। किसानों का आरोप है कि पुलिस लाइन की चहारदीवारी उनकी जमीन में बनाई जा रही है। जानकारी मिलते ही पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी की जमीन पुलिस लाइन में गई होगी तो उसका उचित मुआवजा दिया जाएगा, लेकिन किसान अपनी पूरी जमीन वापस करने की मांग पर अड़े रहे।

बताया जा रहा है कि भोजापुर मौजा में बड़े पैमाने पर पुलिस लाइन का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसकी प्रगति 50 प्रतिशत से अधिक हो चुकी है। पश्चिमी छोर पर चाहरदीवारी निर्माण के लिए पाइलिंग का कार्य शुरू होते ही बर्थरा गांव के दर्जनों किसान मौके पर पहुंच गए और मशीनों को बंद करा दिया।

किसानों प्रद्युम्न, चंदन, श्यामबरन, मुनीब, राजपति, विजय बहादुर और कमलेश का कहना है कि बिना पैमाइश कराए उनकी जमीन में खुदाई की जा रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि जमीन की नापी के लिए कई बार अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया, लेकिन राजस्व विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार राजेंद्र प्रसाद और पुलिस अधिकारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बातचीत बेनतीजा रही। घटना के बाद किसानों में नाराजगी बनी हुई है।

Back to top button
error: Content is protected !!