fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : डीएम ने खुद झाड़ू लगाकर की कलेक्ट्रेट की सफाई, जनता को दिया यह संदेश

चंदौली। अयोध्या में भव्य राम मंदिर में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसको लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। मंदिरों के साथ ही सरकारी दफ्तरों, थानों की सफाई कराई जा रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी निखिल टी फुंडे ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में झाड़ू लगाकर सफाई की। इसके जरिये स्वच्छता का संदेश दिया। प्राण प्रतिष्ठा की शाम सरकारी दफ्तरों की भव्य सजावट की जाएगी। दफ्तर और मंदिर रोशनी से जगमगाएंगे।

 

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे देश में उत्साह है। इस ऐतिहासिक मौके पर मंदिरों के साथ-साथ शासकीय कार्यालयों में भी साफ-सफाई के लिए जिला प्रशासन की ओर से अभियान चलवाकर बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने हाथ में झाडू थामी और कलेक्ट्रेट परिसर में अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलकर साफ-सफाई करते हुए स्वच्छता अभियान में योगदान दिया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने कार्यालयों और परिसर को स्वच्छ रखने के निर्देश दिए। साथ ही जिले के सभी नागरिकों से भी अपील किया कि वे भी अपने आस-पास स्वच्छता बनाए रखने में अपना योगदान दें। जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में भूलेख अनुभाग, राजस्व अनुभाग, टेलीफोन कक्ष सहित अन्य पटल की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान अपर जिलाधिकारी अभय कुमार पाण्डेय, उपजिलाधिकारी मनोज पाठक, अविनाश सिंह सहित कलेक्ट्रेट कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Back to top button