ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली के पेंशनरों को राहत: घर बैठे जमा करें जीवित प्रमाण-पत्र, कोषागार जाने की झंझट खत्म

नवंबर-दिसंबर से पहले लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट कराने की अपील, जीवन प्रमाण पोर्टल, जन सुविधा केंद्र और डाकघर से मिलेगी सुविधा

नवंबर-दिसंबर से पहले लाइफ सर्टिफिकेट अपडेट कराने की अपील, जीवन प्रमाण पोर्टल, जन सुविधा केंद्र और डाकघर से मिलेगी सुविधा

 

चंदौली। जिले के पेंशनभोगियों और पारिवारिक पेंशनरों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें जीवित प्रमाण-पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) जमा करने के लिए कोषागार कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। वे घर बैठे ऑनलाइन डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा कर सकते हैं। वरिष्ठ कोषाधिकारी आलोक चंद्र ने जिले के सभी पेंशनरों से नवंबर-दिसंबर से पहले अपना जीवित प्रमाण-पत्र अपडेट कराने की अपील की है, ताकि पेंशन भुगतान में किसी तरह की असुविधा न हो।

 

वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशनभोगी डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र जमा करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट www.jeevanpramaan.gov.in का उपयोग कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त नजदीकी डाकघर, जन सुविधा केंद्र (सीएससी) और साइबर कैफे के माध्यम से भी यह प्रक्रिया पूरी कराई जा सकती है। आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध होने पर मोबाइल या कंप्यूटर की मदद से भी डिजिटल प्रमाण-पत्र जमा करने का विकल्प है।

 

आवेदन के लिए इन दस्तावेजों और जानकारियों की जरूरत

जीवित प्रमाण-पत्र जमा करते समय पेंशनरों को कुछ जरूरी जानकारियां उपलब्ध करानी होंगी। इनमें आधार नंबर, मोबाइल नंबर और ओटीपी, पेंशनभोगी का नाम, पेंशन का प्रकार, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) नंबर, बैंक खाता संख्या और आईएफएससी कोड शामिल हैं।

 

इसके अलावा स्वीकृति प्राधिकारी के रूप में उत्तर प्रदेश राज्य सरकार, वितरण एजेंसी के रूप में उत्तर प्रदेश कोषागार/उपकोषागार और संबंधित कोषागार के रूप में चंदौली का विवरण दर्ज करना होगा। डिजिटल प्रमाण-पत्र बनाने के लिए बायोमेट्रिक सत्यापन भी आवश्यक हो सकता है।

 

समय से प्रमाण-पत्र जमा कर पेंशन भुगतान रखें सुचारु

पेंशनभोगियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम समय तक इंतजार करने के बजाय समय रहते जीवित प्रमाण-पत्र जमा करने की प्रक्रिया पूरी कर लें। इससे प्रमाण-पत्र अपडेट कराने में होने वाली संभावित परेशानियों से बचा जा सकेगा।

डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य पेंशनरों, खासकर बुजुर्गों और ऐसे लोगों को सुविधा देना है, जिन्हें कोषागार कार्यालय तक पहुंचने में कठिनाई होती है। घर बैठे या नजदीकी केंद्र के माध्यम से प्रमाण-पत्र जमा करने से समय और आने-जाने के खर्च की बचत होगी। जिले के सभी पेंशनरों से अपील की गई है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अपना डिजिटल जीवन प्रमाण-पत्र अपडेट कराएं और पेंशन भुगतान निर्बाध बनाए रखने में सहयोग करें।

 

Back to top button
error: Content is protected !!