ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: चंदौली में महिला पुलिसकर्मियों ने संभाली ट्रैफिक की कमान, प्रमुख चौराहों पर किया यातायात संचालन

चंदौली। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चंदौली पुलिस ने मंगलवार को मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने प्रमुख चौराहों पर यातायात की कमान संभालकर लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। अभियान में एनसीसी की महिला कैडेट्स ने भी भागीदारी की। इसके साथ ही बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके कानूनी अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई।

 

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में आयोजित इस अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के साथ आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना रहा। प्रमुख चौराहों पर महिला पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था संभाली और वाहन चालकों को नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।

 

हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने की अपील

यातायात संचालन के दौरान पुलिसकर्मियों ने दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने और चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की गई। महिला पुलिसकर्मियों और एनसीसी कैडेट्स की सक्रिय भागीदारी अभियान का प्रमुख आकर्षण रही।

 

महिलाओं और बालिकाओं को बताए सुरक्षा के अधिकार

अभियान के दूसरे चरण में प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं तथा बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और कानूनी अधिकारों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिसकर्मियों ने बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या आपात स्थिति में महिलाएं संबंधित हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।

 

इस दौरान महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और आपातकालीन पुलिस सहायता नंबर 112 की जानकारी पंपलेट वितरित कर दी गई। महिलाओं एवं बालिकाओं को इन नंबरों का जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित किया गया।

 

महिला सुरक्षा के प्रति जागरुकता पर जोर

चंदौली पुलिस के अनुसार, मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर जागरूकता गतिविधियां लगातार संचालित की जा रही हैं। अभियान के माध्यम से महिलाओं को उनके अधिकारों की जानकारी देने के साथ यातायात नियमों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना तथा समाज में जिम्मेदार नागरिक व्यवहार को बढ़ावा देना है।

 

Back to top button
error: Content is protected !!