ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारी तेज, ईवीएम-वीवीपैट की जांच शुरू, डीएम ने निर्वाचन वेयरहाउस का किया निरीक्षण

चंदौली। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस में 12 अक्टूबर से इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट मशीनों की फर्स्ट लेवल चेकिंग (एफएलसी) शुरू कर दी गई है। तकनीकी विशेषज्ञों की टीम मशीनों की जांच में जुटी है। इस प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

 

डीएम ने सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण कर एफएलसी की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने वेयरहाउस में तैनात सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से परिसर की 24 घंटे निगरानी और रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने को भी कहा।

राजनीतिक दलों की मौजूदगी में होगी प्रक्रिया

जिलाधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार ईवीएम और वीवीपैट की फर्स्ट लेवल चेकिंग पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जा रही है। मशीनों की तकनीकी जांच के लिए विशेष इंजीनियरिंग टीम लगाई गई है। जांच प्रक्रिया के तहत मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में मशीनों की सीलिंग और मॉक पोल कराया जाएगा।

 

इसके लिए राजनीतिक दलों के जिलाध्यक्षों और सचिवों को पहले ही सूचना दी जा चुकी है, ताकि प्रक्रिया में उनकी सहभागिता सुनिश्चित हो सके। प्रशासन का उद्देश्य चुनाव से पहले मशीनों की तकनीकी स्थिति की जांच कर निर्वाचन संबंधी तैयारियों को व्यवस्थित करना है।

 

बिना प्रवेश पास नहीं मिलेगी अनुमति

निरीक्षण के दौरान डीएम ने वेयरहाउस परिसर की साफ-सफाई, अग्निशमन उपकरणों की क्रियाशीलता और बैरिकेडिंग की स्थिति भी देखी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि एफएलसी में शामिल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार ही प्रवेश दिया जाए। वैध प्रवेश पास के बिना किसी भी व्यक्ति को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

 

अधिकारियों की मौजूदगी में हुआ निरीक्षण

इस दौरान अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार, सहायक निर्वाचन अधिकारी, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सभी तैयारियां निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी की जाएंगी।

 

Back to top button
error: Content is protected !!