fbpx
क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

Chandauli news: धानापुर हत्याकांडः दो और आरोपियों की हुई पहचान, रिश्ते में चाचा-भतीजा पर 25 हजार का ईनाम, मुटुन यादव के शरीर से निकली थीं इतनी गोलियां

चंदौली। धानापुर के चर्चित मुटुन यादव हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों की पहचान पर उनपर 25-25 हजार का ईनाम घोषित किया है। बिहार के थाना भभुआ शिवपुर निवासी राघवेंद्र सिंह और अखिलेश सिंह रिश्ते में चाचा-भतीजा हैं। राघवेंद्र सिंह मुख्य आरोपी गोपाल सिंह का मामा है। फिलहाल दोनों फरार हैं। एसपी स्तर से गठित पुलिस टीम अभियुक्तों को पकड़ने के लिए लगातार दबिश दे रही है।

मुटुन यादव के शरीर से निकाली गईं 13 गोलियां
बीते एक मई को धानापुर कस्बा में बस स्टैंड के पास राजकुमार उर्फ मुटुन यादव की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पोस्टमार्टम में मुटुन यादव के शरीर से डाक्टरों ने 13 गोलियां निकाली थीं। पुलिस ने अबतक छह आरोपियों की पहचान की है। घटना में प्रयुक्त बाइक को ठिकाने लगाने के आरोप में मनोज तिवारी को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। वहीं मुख्य आरोपी गोपाल सिंह, अभिषेक सिंह उर्फ पहलवान और विशाल पासी पर पुलिस ने कुछ दिन पहले ही 25-25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया था।

चाचा-भतीजा पर 25-25 हजार का ईनाम
मुख्य आरोपी गोपाल सिंह के मामा बिहार निवासी राघवेंद्र सिंह और उसके भतीजे अखिलेश सिंह के तार भी हत्याकांड से जुड़े हैं। दोनों फरार अभियुक्तों पर पुलिस ने 25-25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया है। दोनों ने गोपाल और अन्य आरोपियों के साथ मिलकर हत्याकांड की साजिश रची थी।

मुटुन यादव हत्याकांड में जिन अभियुक्तों के नाम प्रकाश में आए हैं उनपर ईनाम की राशि बढ़ाकर 25 हजार रुपये कर दी गई है। बिहार में भी पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया है। -आदित्य लांग्घे एसपी चंदौली।

Back to top button