
चंदौली। धीना थाना क्षेत्र के करजरा गांव में पांच वर्षीय मासूम कार्तिक सिंह की हत्या की गुत्थी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सुलझा ली है। जांच में सामने आया है कि कार्तिक का हत्यारा कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उसका फुफेरा भाई ही है। आरोपी के नाबालिग होने की बात भी सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
गांव निवासी कृष्णा सिंह की चचेरी बहन का बेटा गर्मी की छुट्टियां बिताने के लिए गांव आया हुआ था। कुछ दिनों पहले उसने अपनी मामी के मोबाइल फोन से तीन हजार रुपये किसी व्यक्ति को ट्रांसफर कर दिए थे। इस बात की जानकारी कार्तिक ने अपनी मां को दे दी थी। इसके बाद आरोपी को परिवार के लोगों से काफी डांट-फटकार का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि इसी बात को लेकर आरोपी कार्तिक से नाराज रहने लगा था। घटना वाले दिन विद्यालय परिसर में बच्चों के साथ खेलते समय किसी बात पर कार्तिक ने आरोपी को गाली दे दी। इससे वह अपना आपा खो बैठा और गुस्से में आकर मासूम के सीने पर चढ़कर उसकी पिटाई करने लगा। गंभीर चोट लगने से कार्तिक की मौके पर ही मौत हो गई।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी सीने पर दबाव डालकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटना के पीछे अन्य संभावित कारणों और परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।

