ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: बोर्ड परीक्षाओं में जनपद के टाप 10 मेधावी छात्रों को किया गया सम्मानित

प्रतिभावान विद्यार्थियों का हौसला बढ़ाने को जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित

चंदौली : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में राज्य के मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित करने के लिए सोमवार को विशेष राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसका जनपद स्तर पर कलेक्ट्रेट सभागार में लाइव प्रसारण देखा व सुना गया। कलेक्ट्रेट सभागार में परिषदीय परीक्षा -2026 के जनपद स्तरीय मेधावी छात्र/छात्राओं के लिए चेक वितरण/सम्मान समारोह- 2026 का आयोजन किया गया। इसमें जनपद स्तर पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में प्रथम 10_10 स्थान प्राप्त करने वाले मेधावियों सहित कुल 19 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। मेधावियों को प्रशस्ति पत्र और 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि (डीबीटी के माध्यम से) प्रदान की गई।

इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य सभा सदस्य साधना सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने किया। मुख्यमंत्री के संबोधन के बाद जनपद के यूपी व अन्य बोर्ड 2026 मेधावी छात्र छात्राओं को प्रतीकात्मक चेक वितरित किए गए। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने अपने संबोधन में छात्रों की कड़ी मेहनत अनुशासन व अभिभावकों के साथ स्कूलों के अध्यापकों की सराहना की। साधना सिंह ने युवाओं को राष्ट्र की धरोहर बताते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया और छात्रों को अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रेरित किया।

विधायक रमेश जायसवाल ने कहा कि यह सम्मान समारोह ही नहीं जीवन को आगे बढ़ाने का उत्सव भी है। आपने निरंतर प्रयास कर अपना मार्ग प्रशस्त किया। जो लगन, मेहनत से लगे रहते हैं उनके लिए यह अवसर है। विधायक सैयदराजा सुशील सिंह ने विद्यार्थियों की इस सफलता को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया। उन्होंने सभी मेधावियों को भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। समारोह में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं सहित विद्यार्थियों के अभिभावक, शिक्षक और शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!