क्राइमचंदौलीराज्य/जिला

Crime News: 60 रुपये के विवाद में अधेड़ पर चाकू से हमला, आरोपी गिरफ्तार

चंदौली। पीडीडीयू नगर के कैलाशपुरी स्थित मॉडल शॉप के सामने सोमवार देर रात 60 रुपये के बकाया भुगतान को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अधेड़ पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में घायल व्यक्ति को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार, घायल की पहचान महमूदपुर निवासी 54 वर्षीय मुनक्का प्रसाद गुप्ता के रूप में हुई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि रविनगर मोड़ निवासी 64 वर्षीय विजय गिरी पर मुनक्का प्रसाद के 60 रुपये बकाया थे। सोमवार रात जब मुनक्का ने विजय गिरी से अपने पैसे मांगे तो दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि
विवाद बढ़ने पर विजय गिरी ने चाकू निकालकर मुनक्का प्रसाद गुप्ता पर हमला कर दिया। हमले में उनके चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने आरोपी विजय गिरी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घायल को पहले जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया।
पीडीडीयू नगर क्षेत्राधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घायल का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है और उसकी स्थिति सामान्य है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Back to top button
error: Content is protected !!