चंदौलीराजनीतिराज्य/जिला

Chandauli News: काली माता मंदिर हादसे पर कांग्रेस का हल्ला बोल, पीडब्ल्यूडी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन, सौंपा ज्ञापन

चंदौली। पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर में काली माता मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान हुई संविदाकर्मी बलदेव यादव की मौत और सड़क चौड़ीकरण से जुड़ी समस्याओं को लेकर मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीडब्ल्यूडी कार्यालय पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन पीडब्ल्यूडी अधिकारी राजेश कुमार को सौंपकर दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि करीब 200 वर्ष पुराने काली माता मंदिर को गिराने के दौरान गुंबद गिरने से बलदेव यादव की मौत हुई थी। उन्होंने मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और हादसे के लिए जिम्मेदार अधिकारियों, कर्मचारियों व निर्माण कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि सड़क चौड़ीकरण के नाम पर मुगलसराय नगर को उजाड़ने का काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार की मंशा जनहित की होती तो फ्लाईओवर निर्माण जैसे विकल्पों पर विचार किया जा सकता था। उन्होंने दावा किया कि इस परियोजना से सैकड़ों व्यापारिक प्रतिष्ठान प्रभावित हुए हैं और हजारों लोगों के रोजगार पर संकट आया है।

शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बृजेश गुप्ता ने कहा कि मंदिर ध्वस्तीकरण के दौरान पीडब्ल्यूडी अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद थे, बावजूद इसके सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही बरती गई, जिससे हादसा हुआ। उन्होंने प्रभावित व्यापारियों को दुकान मरम्मत की अनुमति देने, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत कराने और ध्वस्तीकरण से जुड़ी अन्य समस्याओं के समाधान की मांग की।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई और बलदेव यादव के परिवार को न्याय नहीं मिला तो पार्टी बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

प्रदर्शन में राकेश सिंह, मनोज सिंह, श्रीकांत पाठक, संतोष चौबे, राकेश पाठक, परमहंस सिंह, विजय गुप्ता, नेहाल अख्तर, धर्मवीर भारती, शिवेंद्र मिश्रा, दयाराम पटेल, इसरार कुरैशी, असद इकबाल, साबिर राय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!