
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के गंगेहरा गांव में सोमवार को तालाब के किनारे खेल रहे दो मासूमों की पानी में डूबने से मौत हो गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। पूरा गांव गमजदा हो गया।
गंगेहरा निवासी कांता बिंद का पांच वर्षीय पुत्र करन रेहड़ा गांव के रहने वाले लक्ष्मण बिंद के पांच वर्षीय पुत्र डब्लू के साथ सोमवार की सुबह शौच के लिए तालाब की ओर गया था। शौच के बाद दोनों तालाब के भीटे पर खेलने लगे। इसी दौरान लुढ़ककर गहरे पानी में जा गिरे। आसपास के लोगों ने देखा तो दौड़कर तालाब के पास पहुंचे। लेकिन कोई भी इतने गहरे पानी में उतरने की हिम्मत नहीं जुटा सका। कुछ देर बाद गांव के कुछ साहसी युृवक हिम्मत कर तालाब में उतरे और आधे घंटे के अथक प्रयास के बाद दोनों मासूमों का शव बाहर निकाला गया। एक साथ दो बालकों की मौत से गांव में मातम पसर गया। डब्लू अपनी मां ममता देवी के साथ गंगेहरा गांव में अपने ननिहाल में आया था। जबकि करन अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। उसकी मौत से मां चंदा देवी व पिता कांता बिंद का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदय विदारक घटना की पूरे क्षेत्र में चर्चा होती रही। हालांकि पुलिस ने इस तरह की किसी भी घटना की जानकारी होने के इंकार किया है।