fbpx
चंदौलीप्रशासन एवं पुलिसराज्य/जिला

चंदौलीः कागजों में रोज खरीद रहे थे 700 क्विंटल धान, निरीक्षण में बंद मिले दोनों केंद्र, प्रभारियों पर मुकदमा

चंदौली। इतनी सख्ती के बावजूद धान क्रय केंद्रों की यह स्थिति किसानों की फजीहत को बयां करने के लिए काफी है। सैयदराजा विधायक सुशील सिंह व जिला खाद्य विपणन अधिकारी अनूप कुमार श्रीवास्तव ने बुधवार की शाम सोगाई व भतीजा क्रय केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों ही क्रय केंद्र बंद मिले। जबकि कागजों में रोजाना 700 क्विंटल खरीद दिखाई गई थी। इस पर विधायक ने नाराजगी जताई और डिप्टी आरएमओ ने दोनों केंद्र प्रभारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।

किसानों की ओर से धान खरीद में अनियमितता की शिकायत विधायक तक पहुंची। इस पर डिप्टी आरएम अनूप कुमार श्रीवास्तव के साथ क्रय केंद्रों का निरीक्षण करने पहुंचे। सोगाई क्रय केंद्र पर प्रभारी गायब थे। धान के बोरे भरकर रखा मिला। विभागीय रिकार्ड के अनुसार केंद्र पर बोरा दो दिन पहले ही खत्म हो गया था। इसके बावजूद नियमित 700 क्विंटल खरीद दिखाई थी। किसानों का कहना रहा कि बिचौलियों का धान खरीदा जा रहा है। कमोवेश यही स्थिति भतीजा क्रय केंद्र पर भी देखने को मिली। यहां भी कागज पर खरीद हो रही थी। केंद्र प्रभारी गायब मिले। इस पर विधायक ने नाराजगी जताई। जिला खाद्य विपणन अधिकारी ने दोनों केंद्र प्रभारियों के खिलाफ सैयदराजा थाना में मुकदमा दर्ज कराया। इससे लापरवाह केंद्र प्रभारियों और बिचौलियों में खलबली मची है।

Back to top button
error: Content is protected !!