
चंदौली। बलुआ थाना अंतर्गत मोहरगंज में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में लगभग 25 वर्षीय अज्ञात युवक की मौत हो गई। युवक रात के समय कहीं जा रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बलुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह ने तत्काल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
युवक ने काले रंग की पैंट और हल्के गुलाबी रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। पुलिस के अनुसार, युवक के पास से कोई पहचान पत्र बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की शिनाख्त के लिए आसपास के क्षेत्रों और अन्य जनपदों के थानों से संपर्क किया जा रहा है।

