
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने बिजली उपभोक्ताओं, खासकर कम लोड वाले घरेलू कनेक्शन धारकों को बड़ी राहत दी है। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए के शर्मा ने निर्देश जारी करते हुए कहा है कि अब 1 किलोवाट तक के कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन 30 दिनों तक नहीं काटा जाएगा, भले ही उनका बैलेंस नेगेटिव क्यों न हो।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि एक माह का बिलिंग चक्र पूरा होने से पहले किसी भी स्थिति में कनेक्शन विच्छेद नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को जागरूक करने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए कनेक्शन काटने से पहले 5 अनिवार्य SMS अलर्ट भेजे जाएंगे, ताकि उन्हें समय रहते भुगतान का अवसर मिल सके।
इसी तरह 2 किलोवाट तक के कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है। ऐसे उपभोक्ताओं का कनेक्शन ₹200 तक के माइनस बैलेंस पर नहीं काटा जाएगा। इनके लिए भी 5 चरणों में SMS सूचना प्रणाली लागू की गई है।
भीषण गर्मी को देखते हुए मंत्री ने सभी जिलों के अधिकारियों को बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने और अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में बिजली ढांचे को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए गए हैं, जिनमें करीब 30 लाख नए विद्युत खंभों की स्थापना और ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि शामिल है।
मंत्री ने दावा किया कि वर्तमान में उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक विद्युत आपूर्ति करने वाला राज्य बनकर उभरा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि गर्मी के मौसम में जनता को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।

