
चंदौली। शहाबगंज पुलिस ने गजधरा निवासी कोमल तिवारी की हत्या के आरोपी अमरनाथ यादव को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त गड़ासा भी बरामद कर लिया है। विगत दिनों फत्तेपुर खुर्द गांव के सामने चकिया-चंदौली मार्ग पर कोमल तिवारी पर जानलेवा हमला हुआ था।
पुलिस के अनुसार एक मई को आशीष कुमार पाठक ने थाना शहाबगंज को सूचना दी थी कि उनके रिश्तेदार कोमल तिवारी (52 वर्ष) निवासी गजधरा को 30 अप्रैल की शाम सिर में गंभीर चोट लगने के बाद जिला अस्पताल चंदौली ले जाया गया था। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया, जहां दो मई को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तीन टीमों का गठन किया गया। बुधवार रात पुलिस को सूचना मिली कि हत्या का आरोपी अमरनाथ यादव तियरा मार्केट के आगे लालपुर-शिवपुर मार्ग पर मौजूद है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी अमरनाथ यादव (60 वर्ष) निवासी फत्तेपुर खुर्द ने बताया कि 30 अप्रैल की शाम कोमल तिवारी से उसकी कहासुनी और मारपीट हो गई थी। आरोपी के मुताबिक, मृतक उसकी पत्नी को लेकर अपशब्द कह रहा था, जिससे गुस्से में आकर उसने गड़ासे से हमला कर दिया। घटना के बाद वह फरार हो गया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त गड़ासा बरामद कर लिया है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष प्रियंका सिंह, उपनिरीक्षक प्रेमचन्द्र सिंह, संतोष सिंह, राजेन्द्र नाथ सिंह, कांस्टेबल अजय पटेल और महिला कांस्टेबल नीतू भारती शामिल रहीं।

