
संवाददाता: बाबू चौहान
चंदौली। शहाबगंज थाना क्षेत्र के पालपुर गांव में बुधवार रात एक मजदूर का शव नीम के पेड़ से लटका मिला। मृतक की शिनाख्त 55 वर्षीय रामकिशुन शर्मा उर्फ चितरू शर्मा पुत्र शिवनाथ शर्मा के रूप में हुई है। उनका शव गांव के उत्तर दिशा स्थित पोखरे के पास लोहे के तार के सहारे पेड़ से लटका मिला।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची शहाबगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हर पहलू को ध्यान में रखकर घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार रामकिशुन शर्मा मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनका बेटा गोलू शर्मा गोवा में मजदूरी करता है, जबकि दोनों बेटियों प्रीति और आरती की शादी हो चुकी है।
बताया जा रहा है कि पारिवारिक तनाव और घरेलू विवाद के चलते उन्होंने यह कदम उठाया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

