
चंदौली। कोतवाली क्षेत्र के धूरीकोट गांव में तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे युवकों पर मनबढ़ लोगों ने हमला बोल दिया। आरोप है कि रास्ते में रोककर युवकों पर लाठी-डंडों और फावड़े से हमला किया गया, जिसमें दो युवक घायल हो गए।
घटना में विकास विश्वकर्मा और नागेश को गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि विकास विश्वकर्मा के सिर पर गंभीर चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पीड़ित पक्ष का आरोप है कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ितों ने चंदौली कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

