ख़बरेंचंदौली

Chandauli News: स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर करें सहभागिता- जिलाधिकारी

“डिजिटल जनगणना से जुड़े अधिक से अधिक नागरिक - जिलाधिकारी

चंदौली। जिलाधिकारी /प्रमुख जनगणना अधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग ने जनपदवासियों से भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत स्व-गणना (Self Enumeration) अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से जनपद में व्यापक जागरुकता अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को डिजिटल जनगणना से जोड़ा जा रहा है।

जिलाधिकारी ने कहा कि भारत सरकार द्वारा पहली बार आम नागरिकों को स्वयं अपने मोबाइल फोन/लैपटॉप/कम्प्यूटर के माध्यम से जनगणना करने की सुविधा प्रदान की गई है, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध बनेगी। उन्होंने बताया कि जनपद में नागरिकों द्वारा स्व-गणना का कार्य किया जा रहा है तथा सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, युवाओं एवं जनप्रतिनिधियों से पूरे मनोयोग व उत्साह के साथ इस अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया गया है।

जानकारी दी कि स्व-गणना का कार्य 21 मई 2026 तक किया जा सकेगा। इसके लिए नागरिकों को जनगणना पोर्टल se.census.gov.in पर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से पंजीकरण करना होगा। इसके उपरांत 22 मई से 20 जून 2026 तक प्रगणक दल घर-घर पहुंचकर मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य संपन्न करेंगे।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों, युवाओं, कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से अनुरोध किया कि वे स्वयं स्व-गणना करें तथा अपने परिवार, पड़ोस एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों को इसके प्रति जागरूक कर जनपद की प्रगति बढ़ाने में अपना योगदान दे। उन्होंने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं है, बल्कि देश की विकास योजनाओं की आधारशिला है। शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार तथा आधारभूत सुविधाओं से संबंधित योजनाओं के निर्माण एवं क्रियान्वयन में जनगणना की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय सहभागिता से ही जनगणना 2027 को सफल बनाया जा सकता है।

Back to top button
error: Content is protected !!