चंदौलीराज्य/जिला

Chandauli News: VDA की बड़ी कार्रवाई, मुगलसराय में 11 कोचिंग संस्थान और लाइब्रेरी सील

चंदौली। वाराणसी विकास प्राधिकरण (VDA) ने भवन मानकों और मानचित्र स्वीकृति नियमों के उल्लंघन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुगलसराय में संचालित 11 कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी को सील कर दिया। बुधवार को चली इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया।
प्राधिकरण के उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा के निर्देश पर अवैध रूप से संचालित कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान कई संस्थान बिना स्वीकृत मानचित्र और आवश्यक अनुमतियों के संचालित होते पाए गए। साथ ही भवन सुरक्षा और अन्य आवश्यक मानकों के पालन में भी गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
कार्रवाई के दौरान टॉपर विजन एकेडमी (नई बस्ती), राय एकेडमी (पटेल नगर), स्टार इंस्टीट्यूट (रवि नगर), एसएएस लाइब्रेरी, पाठक इकोनॉमिक्स प्वाइंट, अमेरिकन कोचिंग, सीबीएस कोचिंग, कॉमर्स एकेडमी, द मास्टर क्लास एकेडमी (सभी कैलाशपुरी क्षेत्र), महेंद्रा कोचिंग (नई बस्ती) तथा गुरुद्वारा क्षेत्र स्थित एक अन्य संस्थान को सील कर दिया गया।
उपाध्यक्ष पुर्ण बोरा ने कहा कि जनसुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कोचिंग संस्थानों, लाइब्रेरी और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भवन मानकों, अग्निशमन सुरक्षा नियमों तथा प्राधिकरण से प्राप्त स्वीकृतियों के अनुरूप ही संचालन करना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा।

Back to top button
error: Content is protected !!