fbpx
ख़बरेंचंदौली

Chandauli News : चंदौली में धूमधाम से मनाया जाएगा बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती का जन्मदिन, तैयारियां जोरों पर

चंदौली। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के 69वें जन्मदिन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। जन्मदिन समारोह के लिए बसपा जिला इकाई ने पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार देर शाम बसपा जिलाध्यक्ष घनश्याम प्रधान ने पंडित कमलापति त्रिपाठी जिला अस्पताल के पास कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

 

जिलाध्यक्ष ने कहा कि 15 जनवरी को मायावती का जन्मदिन न केवल भव्य होगा, बल्कि इसे ऐतिहासिक बनाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, पार्किंग व्यवस्था और अन्य सुविधाओं का निरीक्षण किया और जनसमूह की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बसपा जिला इकाई विगत एक माह से इस कार्यक्रम की तैयारियों में जुटी हुई है। जिलाध्यक्ष और अन्य पदाधिकारी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क कर रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग कार्यक्रम में शामिल हो सकें। कार्यक्रम के दौरान बसपा की नीतियों और सिद्धांतों से प्रभावित होकर कई नेता पार्टी से जुड़ेंगे, जो मायावती के मिशन को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।

 

जिलाध्यक्ष ने बताया कि इस अवसर पर आगामी चुनावों में बसपा प्रत्याशियों को भारी संख्या में जिताकर सूबे की सत्ता में वापसी का संकल्प लिया जाएगा। कार्यक्रम में बसपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल होंगे। इस दौरान उमापति, राजन खान, रामअवतार, संतोष भारती, सुजीत कुमार, केशव कुमार, पप्पू लहरी, हरेंद्र कुमार, मसीहा यादव आदि मौजूद रहे।

Back to top button