
चंदौली। वाराणसी के नमो घाट पर 22, 23 और 25 अक्टूबर को प्रस्तावित एयर शो को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम और वाराणसी पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल. डीआईजी वैभव कृष्ण के साथ जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग और एएसपी विक्रम दहिया ने तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान दोनों जिलों के अधिकारियों ने एयर शो देखने के लिए उमड़ने वाली लाखों की भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर चर्चा हुई।

वरिष्ठ अधिकारियों ने नमो घाट पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग और दर्शकों की आवाजाही से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित विभागों को समय से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने एयर शो के दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों और श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने को कहा। कार्यक्रम स्थल तक आने वाले मार्गों को सुगम बनाए रखने के साथ ही आसपास अतिक्रमण हटाने और पहुंच मार्गों को पूरी तरह व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए गए।

यातायात के लिए तैयार होगा विशेष डायवर्जन प्लान
एयर शो के दौरान शहर में वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस को विशेष रूट डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि डायवर्जन व्यवस्था ऐसी हो, जिससे कार्यक्रम स्थल के आसपास जाम की स्थिति न बने और आम लोगों को भी आवागमन में परेशानी न हो। पार्किंग स्थलों को चिह्नित करने तथा वाहनों की व्यवस्थित पार्किंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से समीक्षा की। दर्शकों की सुरक्षित आवाजाही, प्रवेश और निकास मार्ग, भीड़ नियंत्रण तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर देते हुए कहा कि एयर शो से जुड़ी व्यवस्थाओं को समय से पूरा किया जाए। आयोजन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में किसी स्तर पर लापरवाही न हो, इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान वाराणसी डीएम सत्येंद्र कुमार, डीसीपी वाराणसी काशी जोन गौरव बंसवाल, एसीपी ट्रैफिक समेत विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

