
चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के सराय-रानेपुर मार्ग पर टेढ़की पुलिया के पास शुक्रवार रात चार बदमाशों ने बाइक सवार व्यापारी को रोककर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से व्यापारी सड़क पर गिर पड़े। बदमाश उसके झोले और पर्स में रखे करीब 1.20 लाख रुपये लूटकर रानेपुर की ओर फरार हो गए।
बलुआ सराय निवासी रतन बरनवाल चहनिया कस्बे में पतंजलि के थोक व्यापारी हैं। शुक्रवार को वह सकलडीहा क्षेत्र के व्यापारियों से बकाया रकम का तगादा कर बाइक से घर लौट रहे थे। आरोप है कि तिराहे से कुछ दूरी पर चार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी बाइक रोककर हमला किया।
घायल व्यापारी ने बलुआ थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी। घटना से व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापार मंडल अध्यक्ष भानु प्रताप यादव ने जल्द खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। सीओ कृष्ण मुरारी शर्मा पीड़ित व्यापारी के घर पहुंचे और घटना के बाबत जानकारी ली। अपराधियों को शीघ्र गिरफ्तार कराने का भरोसा दिलाया। बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

