
चंदौली। परीक्षा देने के लिए घर से निकला छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका। छात्र के पिता ने मुगलसराय थाने में प्रार्थना पत्र देकर पुलिस से तलाश कराने और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
चंदौली थाना क्षेत्र के पिपरी गांव निवासी रत्नेश तिवारी मुगलसराय थाना क्षेत्र के औद्योगिक नगर स्थित कंपनी में काम करते हैं। उनका पुत्र शिवम तिवारी उनके साथ रहता है और प्रभु नारायण राजकीय डिग्री कॉलेज में पढ़ाई करता है।
पिता के मुताबिक, एक अक्तूबर को सुबह करीब 10 बजे शिवम यह कहकर घर से निकला था कि वह परीक्षा देने जा रहा है। इसके बाद वह देर तक घर वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास और परिचितों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
काफी समय बीतने के बाद भी छात्र के घर नहीं पहुंचने पर पिता ने मुगलसराय थाने में प्रार्थना पत्र देकर मामले की जानकारी पुलिस को दी। उन्होंने पुलिस से छात्र की तलाश कर उसे सकुशल बरामद करने तथा मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

