
योग सिखाने के बहाने छात्राओं को अकेले बुलाने का आरोप
अभिभावकों ने BEO को दी लिखित शिकायत, जांच के आदेश
चंदौली। जनपद में गुरु-शिष्य के पवित्र रिश्ते को शर्मसार करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। चकिया ब्लॉक के भीषमपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में तैनात एक शिक्षक पर छात्राओं के साथ अनुचित व्यवहार और बैड टच करने का आरोप लगा है। मामला सामने आने के बाद अभिभावकों में आक्रोश फैल गया और बड़ी संख्या में लोग स्कूल पहुंचकर हंगामा करने लगे।
अभिभावकों के अनुसार, कुछ छात्राओं ने घर पहुंचकर शिक्षक के व्यवहार की जानकारी परिजनों को दी। छात्राओं ने आरोप लगाया कि शिक्षक योग सिखाने के बहाने उन्हें क्लासरूम में अकेले बुलाता था और अनुचित तरीके से छूता था। विरोध करने पर डांटने का भी आरोप लगाया गया है।
इसके अलावा कुछ छात्र-छात्राओं ने शिक्षक पर छोटी-छोटी बातों को लेकर पिटाई करने के आरोप भी लगाए हैं।
मामले की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में अभिभावक विद्यालय पहुंच गए और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा किया। सूचना पर ग्राम प्रधान और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया।
अभिभावकों ने चकिया खंड शिक्षा अधिकारी अजीत पाल को लिखित शिकायत देकर मामले की जांच कराने और आरोपी शिक्षक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल विभागीय जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

