
चंदौली। धानापुर थाना क्षेत्र के महराईया स्थित इंद्रा हॉस्पिटल में ऑपरेशन के बाद महिला की मौत के मामले में पुलिस ने अस्पताल प्रबंधक इंद्रजीत प्रजापति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक ऑपरेशन के दौरान गलत नस कटने और किडनी को नुकसान पहुंचने के बाद महिला की हालत बिगड़ी और उसकी मौत हो गई। मामले में मृतका के पिता की तहरीर और मुख्य चिकित्साधिकारी की जांच रिपोर्ट के आधार पर गैर इरादतन हत्या की धारा 105 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

पुलिस के अनुसार धीना थाना क्षेत्र के लखईपुर निवासी चंद्रवली बिंद की पुत्री सुमन को 18 अगस्त 2026 को इंद्रा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। अगले दिन 19 अगस्त को उसका ऑपरेशन किया गया। पुलिस का दावा है कि ऑपरेशन के दौरान गलत नस कटने और किडनी को नुकसान पहुंचने से उसकी हालत गंभीर हो गई और उसी रात उसकी मौत हो गई।
डॉक्टर नहीं आया तो प्रबंधक ने खुद किया ऑपरेशन
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया कि वह अस्पताल का प्रबंधक है और सामान्य तौर पर डॉक्टरों को बुलाकर मरीजों का इलाज कराया जाता है। घटना वाले दिन डॉक्टर के अस्पताल नहीं पहुंचने पर उसने स्वयं महिला का ऑपरेशन कर दिया। पुलिस का दावा है कि इसी ऑपरेशन के दौरान हुई चिकित्सकीय गड़बड़ी के बाद महिला की मौत हुई।
मुख्य चिकित्साधिकारी, चंदौली की जांच रिपोर्ट और परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू की थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर धानापुर पुलिस ने 3 अक्टूबर की सुबह करीब पांच बजे इंद्रा हॉस्पिटल महराईया से इंद्रजीत प्रजापति को हिरासत में लिया और बाद में गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी महराईया गांव का निवासी है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सूर्य प्रकाश मिश्र, उप निरीक्षक बृजेश कुमार मिश्र तथा कांस्टेबल भानू प्रताप यादव और प्रवीण त्रिपाठी शामिल रहे।

